नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर से अपना फन फैलाने लगा है। पिछले 24 घंटों में एक बार फिर कोरोना के 40 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। नए मामलों के लिहाज से केरल देश का सबसे बड़ा कोरोना स्पॉट बना हुआ है। यहां संक्रमण दर 20 फीसदी से ज्यादा तक पहुंच गई है। बीते 24 घंटों में मिले देश के कुल मामलों में अकेले केरल की हिस्सेदारी 67 फीसदी है। बाकि 33 फीसदी मामले देश के अन्य राज्यों से सामने आए।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना के 44,568 नए मामले सामने आए हैं और 496 लोगों की मौत हुई है। हालांकि इस दौरान 32,988 लोगों को कोरोना से निजात भी मिली है। देश में बीते 24 घंटे के दौरान जितने नए कोरोना केस और मौतें रिपोर्ट की गई हैं उनमें से 30,007 केस और 162 मौतें अकेले केरल में दर्ज की गई हैं। देश में अबतक कोरोना के 3,26,03,188 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं जिनमें 3,44,899 ऐक्टिव केस हैं। अबतक 3,18,21,428 लोगों को कोरोना संक्रमण से मुक्ति मिल चुकी है जबकि 4,36,861 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
भारत के टीकाकरण अभियान के तहत अब तक टीके की 61 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को यह जानकारी दी गई। शाम सात बजे की रिपोर्ट के अनुसार, बृहस्पतिवार को टीके की 67,87,305 खुराक दी गई। आईसीएमआर के मुताबिक देश में 26 अगस्त तक कोरोना के 51.49 करोड़ से ज्यादा सैंपल्स का टेस्ट किया जा चुका है जिनमें से 18,24,931 सैपल्स का टेस्ट तो बीते 24 घंटों के दौरान किया गया।




