भिलाई । डीजीपी डीएम अवस्थी ने राष्ट्रपति से सराहनीय सेवा पदक प्राप्त दुर्ग जिला पुलिस के विशेष शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अश्वनी सिंह को प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मान किया। इस दौरान डीजीपी ने उत्कृष्ट कार्य कर छत्तीसगढ़ पुलिस का नाम रौशन करने पर अश्वनी सिंह को शाबासी दी।
डीजीपी डीएम अवस्थी ने राजधानी के अफसर मेस में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में 26 जनवरी 2020 से विशिष्ठ सेवा, वीरता सेवा और सराहनीय सेवा पदक प्राप्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी सम्मान से सम्मानित किया। श्री अवस्थी ने सभी अधिकारी व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इसी कड़ी में दुर्ग जिला विशेष शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अश्वनी सिंह को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
गौरतलब रहे कि 26 जनवरी 2021 को प्रधान आरक्षक अश्वनी सिंह को राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पदक दिए जाने की घोषणा हुई थी। अश्वनी सिंह सहित अन्य पदक प्राप्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए डीजीपी श्री अवस्थी ने कहा कि सभी ने बेहतर कार्य किया है। अपेक्षा है आगे भी इसी तरह से कार्य करते हुए अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्पद बनेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारियों के बेहतर कार्य के लिए पत्नी, बच्चों समेत पूरे परिवार का अहम योगदान रहता है।





