स्पोर्ट्स डेस्क (एजेंसी)। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने पदक जीतने की उम्मीद बरकरार रखी है। भारत ने आज अपने तीसरे हॉकी मैच में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए स्पेन को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हरा दिया। मैच के दौरान भारत ने ताबड़तोड़ हॉकी खेली। टीम इंडिया के तेज आक्रमण और मजबूत रक्षा पंक्ति के आगे प्रतिद्वंदी स्पेन की एक न चली। भारत को इस मुकाबले में जीत दिलाने में रुपिंदर पाल और सिमरनजीत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम इंडिया की तरफ से रुपिंदर पाल ने दो और सिमरनजीत ने एक गोल दागा।
इससे पहले भारत को दूसरे हॉकी मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7-1 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। वहीं अपने पहले हॉकी मैच में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड पर जीत दर्ज की थी। पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया था।
Lead maintained by #TeamIndia at the end of the 3rd quarter against Spain. The score remains 2-0.
— SAI Media (@Media_SAI) July 27, 2021
Stay tuned for the final quarter.#Cheer4India
स्पेन के खिलाफ भारत ने बिलकुल बदले अंदाज में हॉकी खेली। जहां दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम लय में नहीं थी वहीं स्पेन के विरुद्ध अलग रंग में दिखी। इस मैच में भारत ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए मैदानी गोल दागे, सफल पेनाल्टी स्ट्रोक लगाए उसके अलावा पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया।
भारत की तरफ से पहले क्वार्टर के 14वें मिनट में सिमरनजीत सिंह ने गोल किया। इसके बाद भारत को एक पेनाल्टी कॉर्नर भी मिला जिस पर रुपिंदर पाल ने गोल दागा। इसके बाद भारत पहले क्वार्टर में 2-0 से आगे हो गया।




