मुंबई (एजेंसी)। महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार भारी वर्षा से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नदिया उफान पर आने से अनेक गांवों में पानी घुस गया है। कई गांवों व इलाकों में बाढ़ के कारण संपर्क टूट गया है। महाराष्ट्र में राजधानी मुंबई के अलावा सांगली, अकोला, अमरावती, नागपुर, कोल्हापुर समेत कई जिलों में भारी बारिश से बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। राज्य की कई नदियां भी उफान पर हैं। स्थानीय प्रशासन की टीमों के अलावा वायुसेना व एनडीआरएफ की टीमों को भी राहत व बचाव के लिए उतारा गया है। वहीं भारी बारिश के कारण कई रूटों पर ट्रेन सेवा बाधित हो गई है।
रायगढ़ में भूस्खलन की चार घटनाएं सामने आई हैं जिससे सड़क जाम हो गया है। रायगढ़ जिला कलेक्टर निधि चौधरी ने बाताया कि अभी तक स्थानीय पुलिस ने 15 लोगों को बचाया जबकि कम से कम 30 लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं। वहीं पांच लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि रत्नागिरी और रायगढ़ में राहत व बचाव कार्य के लिए भारतीय सेना और नौसेना के जवानों को भी तैनात किया गया है। वहीं, भारी बारिश के चलते पुणे के भीमाशंकर मंदिर के आसपास भी बाढ़ का नजारा है। ये मंदिर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है।
पीएम मोदी ने की सीएम उद्धव से बात
वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर चर्चा कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। ठाकरे से चर्चा के बाद मोदी ने ट्वीट किया, ‘महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री उद्धव ठाकरे से बात की और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की। हालात को सुधारने के लिए केंद्र से हर संभव सहायता आश्वासन दिया। सभी की सुरक्षा और सलामती के लिए प्रार्थना करता हूं। बाढ़ के मद्देनजर एनडीआरएफ ने चिखली गांव से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। वहीं रायगढ़ के जिला कलेक्टर ने कहा है कि कलाई गांव में भूस्खलन की खबर है। इसमें कितना नुकसान हुआ है फिलहाल इसी कोई खबर नहीं है।

जाने कहां क्या हैं हालात
- मुंबई: तटीय पालघर और ठाणे जिलों में रात और गुरुवार की सुबह भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ा है।
- अमरावती: सिपना नदी उफान पर है। गत तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है।
- सांगली : मूसलाधार बारिश की वजह से चांदोली बांध पानी से लबालब। आठ घंटे में तीन इंच से ज्यादा बारिश हुई।
- कोल्हापुर: गत दो दिन से भारी बारिश हो रही है। सभी नदियां उफान पर हैं। जिले में अलर्ट जारी किया गया है। पंचगंगा नदी खतरे के निशान के करीब है।
- अकोला: अचानक भारी बारिश होने से लगो बादल फट गया हो। अकोला शहर के बीचों-बीच से बहने वाली मोरना नदी में अचानक बाढ़ आ गई। 10 से 15 गांवों में घुसा पानी।
- नागपुर: मूसलाधार बारिश से शहर के जनजीवन पर असर पड़ा। कई इलाकों में पानी भरा।




