रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण थमा नहीं है। रोज 300 से 400 के बीच नए मामले सामने आ रहे हैं। इस बीच राजधानी में अचानक नए केस बढऩे से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। बीते 24 घंटों में राजधानी रायपुर से सबसे 44 नए मामले सामने आए हैं। पिछले एक महीने में यह राजधानी में मिले मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। इससे पहले 12 जून को यहां 49 मरीज मिले थे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश भर में कोरोना के 31 हजार 481 टेस्ट हुए थे।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटों के दौरान 359 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। इस बीच 487 मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं दूसरी ओर 24 घंटे में 3 मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 13475 कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो चुकी है। नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9 लाख 97 हजार 785 हो गई है। छत्तीसगढ़ में अब तक 9 लाख 79 हजार 448 मरीज स्वस्थ हुए हैं। नए मरीज मिलने और डिस्चार्ज होने के बाद अब सक्रिय मरीजों की संख्या 4862 हो गई है।
देश में मिले 41,506 नए मरीज मिले, 895 की गई जान
देश में कोरोना के दैनिक मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। देश में बीते 24 घंटे में 41,506 नए मरीज मिले है और 895 की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले 42,766 नए मरीज मिले और 1206 की जान गई थी। देश में अब तक 2,99,75,064 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। इसके साथ ही एक्टिव केस घटकर 4 लाख 54 हजार 118 तक पहुंच गए हैं। वहीं देश में अब तक 4,08,040 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।




