भिलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव जितेन्द्र साहू ने केन्द्र की मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। जितेन्द्र साहू ने कहा कि केन्द्र सरकार की योजनाएं व निर्णय आम जनता की बलि लेती हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने अब तक जितनी भी योजनाएं बनाई हैं या जो निर्णय लिए हैं वे आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हुई हैं। जितेन्द्र साहू ने बुधवार को एक विशेष चर्चा के दौरान यह बातें कहीं।
जितेन्द्र साहू ने कहा कि केन्द्र सरकार किसान बिल लेकर आई जिसके कारण हजारों किसान आज सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें कई लोगों की जान जा चुकी है लेकिन केन्द्र सरकार के माथे पर कोई सिकन नहीं है। इसी प्रकार एनआरसी व सीएए है जिसका चौतरफा विरोध हो रहा है और इसके कारण हिसांत्मक घटनाएं भी हुई है। केन्द्र सरकार की लापरवाही के कारण देश में कोरोना संक्रमण बढ़ा और लाखों लोगों की जान गई। ऐसे और भी उद्हारण है जिसके कारण लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है।
महंगाई से त्रस्त है देश की जनता
महंगाई के मुद्दे पर जितेन्द्र साहू ने कहा कि केन्द्र सरकार ने तो जैसे आम आदमी कुचलने की कसम खा रखी है। यदि यूपीए और एनडीए की सरकारों की तूलना करें तो महंगाई इस तरह कभी नहीं बढ़ी। आज पेट्रोल व डीजल के साथ ही रसोई गैस व खाद्य तेल अपने उच्चतम स्तर पर है। देश के कई राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए से ज्यादा की दर पर बिक रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कम कीमत के बाद भी देश में पेट्रोल डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। यह सब केन्द्र की गलत नीतियों का परिणाम है जो आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
भूपेश सरकार ने अंतिम छोर तक किया विकास
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बने ढ़ाई साल बीत चुके हैं। इन ढ़ाई सालों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हुए कामकाज पर प्रदेश कांग्रेस क महासचिव जितेन्द्र साहू ने अपनी बात कही। चर्चा के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही केन्द्र की मोदी सरकार की खामियां भी गिनाई। इस दौरान जितेन्द्र साहू ने कहा कि एक ओर छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार ने इन ढ़ाई सालों में प्रदेश के अंतिम छोर तक विकास की धारा बहाई है। सरकार बनने के दो घंटों के भीतर किसानों के कर्ज माफी फाइल पर दस्तखत किए। उस दिन से शुरू हुआ सफर आज तक जारी है। प्रदेश की भूपेश सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है।
गोधन न्याय योजना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना
प्रदेश कांग्रेस महासचिव जितेन्द्र साहू ने कहा कि ढ़ाई साल के कार्यकाल में प्रदेश की भूपेश सरकार के बेतहाशा जनहित के कार्य किए हैं। सरकार द्वारा लाई गई राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोधन न्याय योजना को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। जितेन्द्र साहू ने कहा कि प्रदेश की योजनाओं से लोगों का हित हो रहा है। पिछले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कई जिलों को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। एक दिन पहले ही उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत 16 जिलों में विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया। प्रदेश की भूपेश सरकार का विकास दिख रहा है, वहीं 15 साल तक शासन करने वाली भाजपा ने गरीबों व किसानों का शोषण किया है।
केन्द्र की योजनाएं जनता की लेती हैं बलि: जितेन्द्र साहू




