नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत में कोरोना वायरस के दैनिक नए मामले इस महीने दूसरी बार 10,000 से कम आए हैं जिससे संक्रमितों की कुल संख्या 1,08,47,304 हो गई जबकि एक दिन में जान गंवाने वाले संक्रमितों की संख्या लगातार चौथे दिन 100 से कम रही। पिछले 24 घंटे में देश में 9,110 नए मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में देश में 9,110 नए मामले सामने आए हैं और अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1,08,47,304 हो गया है। यही नहीं पिछले 24 घंटे में 78 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ा है।
पिछले 24 घंटे में 78 मरीजों की मौत के बाद देश में मृतकों का कुल आंकड़ा बढ़कर 1,55,158 हो गया है। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को कोरोना के दैनिक मृतकों की संख्या में कमी आई है। सोमवार को एक दिन में 84 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। संक्रमण से उबरने की दर 97.25 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 की मृत्यु दर 1.43 है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 14,016 मरीज वायरस से ठीक होकर अपने घर वापस लौटे हैं। अब तक देश में 1,05,48,521 मरीज कोरोना वायरस से ठीक हो चुके हैं। हालांकि 1,43,625 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है। बता दें कि कई दिनों से देश में कोरोना के सक्रिय मामले दो लाख से कम आ रहे हैं।
भारत में कोरोना: इस माह दूसरी बार 10,000 से कम आए नए मामले, मृतकों की संख्या लगातार चौथे दिन 100 से कम




