भिलाई। आस्था बहुउद्देशीय कल्याण संस्था द्वारा सामाजिक जिम्मेदरी के तहत इस वर्ष 101 दिव्यांग जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। मई माह के प्रथम सप्ताह इस वृहद आयोजन का लक्ष्य रखा गया है। अय्यप्पा मंदिर सेक्टर -2 में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। दिव्यांग जनों के सामूहिक विवाह को लेकर आस्था संस्था द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में रविवार को दिव्यांग युवक युवतियों का परिचय सम्मेलन आस्था कार्यालय सेक्टर-2 में हुआ।
परिचय सम्मेलन की जानकारी देते हुए आस्था बहुद्देशीय संस्था के अध्यक्ष प्रकाश गेडाम ने बताया कि 7 फरवरी को आयोजित अखिल भारतीय दिव्यांग युवक युवती परिचय सम्मेलन में भारत के 8 राज्यों के दिव्यांग युवक युवतियों पे अपना परिचय दया। इस परिचय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ सहित मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडि़शा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, झारखंड, बिहार आदि राज्यों के करीब 500 दिव्यांग युवक युवतियों ने भाग लिया। इस दौरान 19 जोड़ों ने विवाह के लिए पंजीयन कराया। प्रकाश गेड़ाम ने बताया कि इससे पहले 55 जोड़ों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है। संस्था ने इस बार 101 जोड़ों का विवाह नि:शुल्क कराने का लक्ष्य रखा है। परिचय सम्मेलन में वेयर हाउस के चेयरमेन व दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा, दुर्ग सांसद विजय बघेल, जिला कांगे्रस कमेटी भिलाई की अध्यक्ष श्रीमती तुलसी साहू, प्रभु नाथ मिश्रा, मनीष जग्याशी आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रत्ना नामदेव व आभार प्रदर्शन प्रकाश गेडाम ने किया।





