वॉशिंगटन (एजेंसी)। उल्टे लटकते हुए चमगादड़ को एक बार देखने भर से किसी भी इंसान में डर पैदा हो सकता है। पूरी दुनिया को अपनी चपेट में लेने वाले कोरोना वायरस महामारी के लिए भी इन्हें ही जिम्मेदार माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि चीन में चमगादड़ से मनुष्य में कोविड वायरस आया। हालांकि हम सभी ने अबतक सिर्फ काले रंग के ही चमगादड़ देखे हैं। किसी ने भी इनके रंगीन होने की कल्पना नहीं की होगी, लेकिन अब नारंगी रंग का चमगादड़ मिलने से वैज्ञानिक भी हैरान हैं।
वैज्ञानिकों का कहना है कि यह चमगादड़ की नई प्रजाति है। वैज्ञानिकों का कहना है कि ना केवल इसका रंग नारंगी है बल्कि यह फ्लकी भी है। साइंटिफिक जर्नल अमेरिकन म्यूजियम नोविटेट्स में वैज्ञानिकों ने इस चमगादड़ को लेकर अपनी स्टडी प्रकाशित की है। इस स्टडी में यह बात सामने आई है कि ये चमगादड़ की एकदम नई प्रजाति है। पश्चिमी अफ्रीकी देश गिनी में वैज्ञानिकों को यह नई प्रजाति मिली है। टेक्सास के ऑस्टिन में एक गैर-लाभकारी संगठन बेंट कंजर्वेशन इंटरनेशनल के डायरेक्टर जॉन फ्लैंडर्स ने कहा कि यह एक तरह से जीवन का लक्ष्य था लेकिन मैंने कभी सोचा नहीं था कि यह पूरा होगा। उन्होंने आगे कहा कि वैसे तो हर प्रजाति महत्वपूर्ण होती है लेकिन आप दिलचस्प दिखने वाले प्राणियों के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और यह वास्तव में शानदार है।





