झांसी (एजेंसी)। अराजक तत्वों ने झांसी-करारी के बीच पटरी पर पत्थर रखकर हबीबगंज से नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को गिराने की साजिश की। इंजन के पत्थर से टकराते ही चालक ने ट्रेन को मौके पर रोक दिया। गनीमत रही कि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। आरपीएफ ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार की शाम हबीबगंज से नई दिल्ली जाने वाली 02001 शताब्दी एक्सप्रेस झांसी से दतिया की तरफ बढ़ रही थी। शाम 6.36 बजे करारी स्टेशन के नजदीक किलोमीटर नंबर 1131/12 पर ट्रेन के इंजन से तीन पत्थर टकरा गए।
किसी वस्तु के इंजन से टकराने की आवाज आने पर चालक ने ट्रेन को मौके पर रोक दिया। सूचना पर लोको निरीक्षक व रेल पथ निरीक्षक मौके पर पहुंच गए। सब कुछ ठीक होने पर ट्रेन को 6.43 बजे गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
सूचना पर आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक एके यादव ने मय फोर्स के मौके पर पहुंच कर जांच की। पटरी के पास पांच से दस किलो के तीन पत्थर पड़े मिले। आरपीएफ पत्थर रखने वालों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।




