चंडीगढ़ (एजेंसी)। पंजाब के अमृतसर में अटारी बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल ने दो घुसपैठियों को मार गिराया है। उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। सीमा सुरक्षा बल के सूत्रों के अनुसार, घुसपैठिए हथियारों से लैस थे। बीएसएफ ने यह कार्रवाई बुधवार-गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे की। बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, इलाके में तलाश अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद ही इस बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी। अभी घने कोहरे के कारण अभियान शुरू नहीं हुआ है।
घने कोहरे व कड़ाके की ठंड के बीच पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने एक बार फिर भारतीय सीमा में घुसपैठ करवाने की साजिश रचनी शुरू कर दी है। सोमवार देर रात भारत-पाकिस्तान को विभाजित करने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित भारतीय निगरानी चौकी (बीओपी) राजाताल में कुछ पाकिस्तानी घुसपैठियों ने भारतीय सीमा में प्रवेश किया। इस बात की जानकारी बीओपी में तैनात सीमा सुरक्षा बल को उस समय लगी, जब मंगलवार सुबह पेट्रोलिंग के समय कंटीली तार के पार पांवों के निशान मिले। इसके साथ ही एक प्लास्टिक की पाइप के निशान भी मिले हैं।
सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि अमावस की काली रात में घुसपैठियों ने हेरोइन और हथियारों की खेप ठिकाने लगाई है। खेप को ठिकाने लगाने के बाद घुसपैठिये वापस लौट गए। बीएसएफ व पंजाब पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया है। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि नशे की संभावित खेप सीमावर्ती तस्करों को पहुंचाई गई है।
दिसंबर माह के शुरुआत तक पंजाब के इलाकों में सात बार से अधिक पाकिस्तानी ड्रोनों की घुसपैठ दर्ज की गई। हाल ही में भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने सैटेलाइट व मोबाइल संदेश को डिकोड किया। इसमें पता चला है कि पाकिस्तान ने भारतीय सीमा पर ड्रोन की गतिविधियां बढ़ा दी हैं। पाकिस्तान ने इसको नाम ऑपरेशन परिंदा दिया है।





