रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण और रोकथाम के लिए किए गए प्रभावी उपायों से प्रदेश में संक्रमण की स्थिति में लगातार सुधार आ रहा है। प्रदेश में संक्रमण की दर गिरकर एक प्रतिशत से नीचे 0.98 प्रतिशत पर पहुंच गई है। राज्य में बीते 24 घंटे में 23 हजार 479 सैंपलों की जांच हुई, जिनमें से मात्र 229 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। राज्य में कोरोना से होने वाली मौतें भी थम सी गई हैं। प्रदेश में को-मॉर्बिडिटी से रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा और गरियाबंद जिले में एक-एक मरीज की मौत हुई।
प्रदेश के 14 जिलों में संक्रमण की दर अब एक प्रतिशत से भी नीचे पहुंच गई है। शेष 14 जिलों में यह दर एक प्रतिशत से लेकर अधिकतम 3.42 प्रतिशत तक है। राज्य में वर्तमान में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 5345 है। प्रदेश में कोरोना से बचाव के टीकाकरण का अभियान तेजी से जारी है। टीकाकरण का आंकड़ा यहां एक करोड़ को पार कर गया है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान 211 मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं दूसरी ओर 24 घंटे में 03 मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 13456 कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो चुकी है। प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9 लाख 95 हजार 718 हो गई है। छत्तीसगढ़ में अब तक 9 लाख 76 हजार 917 मरीज स्वस्थ हुए हैं। प्रदेश में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 5345 हो गई है।
छत्तीसगढ़ के लिए राहत भरी खबर: कोरोना संक्रमण की दर एक प्रतिशत से नीचे पहुंची… को-मॉर्बिडिटी से हुई तीन की मौत




