पानीपत (एजेंसी)। हरियाणा के पानीपत जिले में जहरीली शराब से सात लोगों की मौत हो गई है। पूरे मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है। उधर, सोनीपत में तीन दिन में 24 लोगों की मौत गई है। 12 घंटे में यहां सात लोगों ने जान गंवाई। प्रशासन को इन मौतों के पीछे जहरीली शराब पीने का शक है। सोनीपत पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए खरखौदा में एक अवैध शराब फैक्ट्ररी पकड़ी है।
पानीपत में सात की गई जान
जहरीली शराब पीने से पानीपत में भी सात लोगों की मौत की खबर है। यहां के सनौली थाना के अंतर्गत आने वाले गांव धनसोली में देर रात्रि जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में गांव धनसोली के चार व्यक्ति और नगला गांव के दो लोग। वहीं एक व्यक्ति गांव राणा माजरा का मजदूर है। दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इन्हें इलाज के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर डीएसपी समालखा प्रदीप कुमार पहुंचे हैं। वहीं सीआईए पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इन लोगों ने जिस महिला से शराब खरीदी थी, उसे पुलिस ने हिरासत में लिया है। महिला शराब कहां से लाई, इसकी भी जांच चल रही है।
पुलिस के मुताबिक इन सभी की मौत जहरीली शराब से हुई है। इनमें से चार शवों को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। शराब पीने से मरे सभी लोगों ने मंगलवार शाम को शराब पी थी। बुधवार को इनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। सभी को पेट में जलन और सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई, इसके बाद सभी को निजी अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया । चार लोगों की बुधवार रात को मौत हो गई। मृतकों के परिजन अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम को भेजा।




