नई दिल्ली (एजेंसी)। कोरोना संक्रमण ने भारत में सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों ने भारत की खराब स्थिति बयां कर दी है। पिछले 24 घंटों में देशभर से कोरोना के रिकार्ड 62 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। यह देश में अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या भी 20 लाख के पार चली गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 62,537 नए मामले सामने आए हैं और 886 लोगों की मौत हुई है। देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 20,27,074 हो गई है। जिनमें से 6,07,384 सक्रिय मामले हैं, 13,78,105 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 41,585 लोगों की मौत हो चुकी है।
पिछले 24 घंटे में पांच लाख 74 हजार नमूनों की जांच
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में छह अगस्त तक परीक्षण किए गए कोरोना नमूनों की कुल संख्या 2,27,24,134 है। जिनमें से 5,74,783 नमूनों का परीक्षण गुरुवार को ही किया गया है।




