
भिलाई। मुसलमानों का प्रमुख पर्व बकरीद शनिवार को बेहउद ही सादगी के साथ मनाया गया। कोरोना संक्रमण के इस दौर में मुसलमान भाईयों ने अपने घरों से ही नमाज अता की। कुर्बानी का रिवाज भी सादगी के साथ पूरा किया गया। इस दौरान ट्विनसिटी के तमाम मस्जिद सूने रहे। वहीं मस्जिदों में पुलिस की टीमें मुस्तैद रहीं।
बता दें कि बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण छत्तीसगढ़ के अत्याधिक संक्रमित जिलों में कलेक्टरों के आदेश पर लॉकडाउन लगाया गया है। इसी कड़ी में दुर्ग जिले के सभी नगरीय निकायों में लॉकडाउन है। ऐसे में जिला प्रशासन ने सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा रखी है। इसे देखते हुए बकरीद पर सामूहिक नमाज पर भी रोक लगाई गई। प्रशासन ने सभी मस्जिद प्रमुखों से इस बाबत सहयोग की अपील भी की थी। इसे देखते हुए आज बकरीद पर सभी मस्जिद सूने रहे। जामा मस्जिद सेक्टर 6 के इमाम मोहम्मद अजमलुद्दीन हैदर ने अपने निवास पर पूरे परिवार के साथ अता की। उन्होंने कोरोना संकट के इस दौर में सभी मुस्लिम परिवारों से बकरीद का त्योहार सादगी के साथ मनाने की अपील की और घर पर ही नमाज अता करने कहा। इसी तरह शहर के सभी मुस्लिम परिवारों ने घर पर ही नमाज अता कर बकरीद मनाई।





