भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत बिना अनुमति लिए टॉवर लगाने वाले कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की गई। भवन अनुज्ञा शाखा और तोडफ़ोड़ दस्ता की टीम ने देर शाम को जिस स्थान पर टॉवर लगाया जा रहा था वहां सामान जप्त करने की कार्यवाही की। एयरटेल कंपनी के ठेकेदार द्वारा गुपचुप तरीके से घर की छत पर टॉवर लगा रहे थे, जिसकी शिकायत श्रद्धा मान्टेसरी स्कूल प्रबंधन एवं मोहल्लेवासियों द्वारा करते हुए यह उल्लेख किया गया कि बाजू में स्कूल होने से बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा। शिकायत के आधार पर निगम का अमला पहुंचा और टॉवर से संबंधित बैटरी, चार्ज मशीन, पैनल की चाबी व अन्य सामानों को पंचनामा बनाकर जब्त करने की कार्रवाई की।
भवन अनुज्ञा अधिकारी हिमांशु देशमुख ने जानकारी देते हुए बताया कि खुर्सीपार सेक्टर 2 में साधना पाण्डेय के घर के द्वितीय तल के छत पर एयरटेल कंपनी का मिनी टॉवर लगाया जा रहा था। जिसकी लिखित शिकायत श्रद्धा मोन्टेसरी इंग्लिश मिडियम स्कूल प्रबंधन एवं क्षेत्र के नागरिकों द्वारा की गई थी। टॉवर लगने वाले घर की छत से लगा हुआ स्कूल है। शिकायत के आधार पर निगम की टीम मौके पर पहुंची और एयरटेल कंपनी द्वारा लगाए जा रहे टॉवर लगाने के कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद कराया तथा कंपनी द्वारा टॉवर लगाने को लेकर किसी प्रकार अनुमति भी नहीं ली गई थी, जिस पर विद्युत विच्छेद करते हुए टॉवर से संबंधित उपकरण तथा लोहे की सीढ़ी को जब्ती बनाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, उप अभियंता भवन शाखा, उप अभियंता लोक कर्म विभाग एवं निगम के तोडफ़ोड़ अमले के कर्मचारी उपस्थित थे।




