नईदिल्ली (एजेंसी)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार सुबह और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और सेना प्रमुख एमएम नरवणे के साथ लद्दाख पहुंचे। तीनों ही लोग लेह हवाई अड्डे पर उतरे। इसके बाद वे सुरक्षा बलों की पैरा ड्रापिंग स्किल देखने के लिए लेह के स्टकना पहुंचे। स्टकना में सेना प्रमुख के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पैरा ट्रूपिंग और सैन्य अभ्यास का जायजा लिया। दो दिन के दौरे में राजनाथ सिंह आज लद्दाख में फॉरवर्ड लोकेशंस का जायजा लेंगे। शनिवार को वे श्रीनगर जाएंगे।
सूत्रों ने बताया कि रक्षामंत्री सेनाध्यक्ष, उत्तरी कमान के लेफ्टिनेंट जनरल योगेश कुमार जोशी, 14 कोर के लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह और अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ सुरक्षा के हालात की विस्तृत समीक्षा करेंगे। इधर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद को लेकर भारत के रुख में कोई बदलाव नहीं है। हम नियंत्रण रेखा का पूरी तरह सम्मान करते हैं और एलएसी पर यथास्थिति में कोई बदलाव मंजूर नहीं होगा। दोनों पक्ष इस पर सहमत हैं कि पहले से बनी चौकियों पर सैनिकों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्वी लद्दाख में तनाव समाप्त करने के लिए सेनाओं को पीछे हटाने की प्रक्रिया जारी है। यह जटिल प्रक्रिया है और इस मामले में तथ्यहीन खबरों से बचना चाहिए।





