अहमदाबाद| गुजरात में कोरोना पॉजिटिव केस तेजी से बढ़ रहे हैं| पिछले 12 घंटों में गुजरात में कोरोना पॉजिटिव के 8 नए केसों के साथ इसका आंकड़ा 82 पर पहुंच गया है| कोरोना के सभी 8 नए केस अहमदाबाद में दर्ज हुए हैं| स्वास्थ्य विभाग की अग्र सचिव डॉ. जयंति रवि ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में 1592 सैम्पलों में 1509 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि 82 केसों की पॉजिटिव रिपोर्ट मिली है| राज्य में कोरोना से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है| जिसमें अहमदाबाद में 3, भावनगर में 2 और सूरत में एक शख्स की मौत हुई| अहमदाबाद के 8 केसों का विवरण देते हुए डॉ. जयंति रवि ने बताया कि 52 वर्षीय पुरुष, 18 वर्षीय एक युवक, 45 वर्षीय महिला, 61 वर्षीय पुरुष समेत चार लोगों ने अंतरराज्यी यात्रा की थी| 61 वर्षीय एक महिला लोकल ट्रांसमिशन के कारण कोरोना की चपेट में आई है| जबकि 64 वर्षीय एक पुरुष विदेश यात्रा से लौटा है| इन सभी 8 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है| 8 में से 3 केस पूर्वी अहमदाबाद के बापूनगर क्षेत्र निवासी एक ही परिवार के हैं| उन्होंने बताया कि अहमदाबाद में कुल 31 मामलों में 4 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और तीन लोगों की मौत हो गई है| राज्य में कोरोनाग्रस्त तीन मरीजों को वेन्टीलेटर पर रखा गया है| उन्होंने बताया कि कोरोना पॉजिटिव के सबसे अधिक 31 केस अहमदाबाद में दर्ज होने से अहमदाबाद को होट स्पॉट घोषित किया गया है| शहरवार कोरोना केसों की जानकारी देते हुए डॉ. जयंति रवि ने बताया कि अहमदाबाद में 31 और 4 रिकवर, वडोदरा में 9 और 1 रिकवर, सूरत में 10 और 1 रिकवर तथा 1 की मौत, राजकोट में 10, गांधीनगर में 11, भावनगर में 6 और 2 लोगों की मौत, गिर सोमनाथ में 2, कच्छ में 1, मेहसाणा में 1 और पोरबंदर में कोरोना पॉजिटिव का एक केस दर्ज हुआ है| राहत की बात यह है कि राज्य में मौत का आंकड़ा नहीं बढ़ा| जिस किसी में कोरोना के लक्षण हैं या उन्हें संदेह है उनसे 104 नंबर पर संपर्क करने की अपील की गई है| विदेश यात्रा से लौटे हों ऐसे लोगों की भी जानकारी देने की अपील की गई है| उन्होंने कहा कि फिलहाल वेन्टीलेटर ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया गया है और मेडिकल व पेरामेडिकल स्टाफ को ट्रेनिंग दी जाएगी| अहमदाबाद और राजकोट समेत अन्य शहरों में ट्रेनिंग दी जाएगी| गुजरात से तबलिगी जमात के कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली के निजामुद्दीन गए लोगों की सूची आ गई है और उसे जिला कलेक्टरों को भेज दी गई है| दिल्ली के धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए सभी लोगों की माइक्रो प्लानिंग कर तलाश की जा रही है|



