रायपुर। राजधानी रायपुर के आई नेस्ट एपल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य के 173 आईफोन चोरी करने वाला शातिर चोर मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। तेलीबांधा पुलिस को 25 दिन बाद आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली है। शातिर ने महज आठ मिनट में 2 करोड़ के 173 आईफोन पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से 1.5 करोड़ रुपये मूल्य के 125 आईफोन बरामद किए हैं। गिरोह के दो अन्य सदस्यों की तलाश अभी जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 अक्टूबर को तीन शातिर चोरी की गाड़ी से तेलीबांधा स्थित iNext Apple Store पहुंचे थे। आरोपियों ने महज 8 मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। चोर स्मार्ट वॉच, हेडफोन और दुकान का DVR भी ले गए थे। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक सभी फरार हो चुके थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए 40 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई थी।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात तक भेजी गईं। जांच में पता चला कि आरोपी 24 अक्टूबर को रायपुर आए थे। इसके बाद वे देवास गए और 31 अक्टूबर को दोबारा रायपुर पहुंचे। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से उनकी आवाजाही का पता लगाया। करीब 265 किलोमीटर के दायरे में 1,000 CCTV फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को एक बाइक की परछाई दिखाई दी।
सीसीटीवी कैमरों की जांच में पुलिस को एक संदिग्ध का धुंधला फुटेज भी मिला। इसके बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से संदिग्ध की संभावित तस्वीर बनवाई गई। यह तस्वीर ऑल इंडिया पुलिस ग्रुप में साझा की गई। देवास पुलिस ने तस्वीर देखकर संदिग्ध की पहचान 47 से अधिक मामलों में आरोपी हिस्ट्रीशीटर राजेश सिंह झाला (43) निवासी देवास के रूप में की। जांच में सामने आया कि मध्यप्रदेश के देवास निवासी राजेश सिंह झाला अपने गिरोह के साथ मुख्य रूप से एपल स्टोर को ही निशाना बनाता था।
गिरोह का सरगना राजेश सिंह झाला अपने बेटे राज झाला और रिश्तेदार राजेश लोधी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था, जबकि सफान खान चोरी का सामान खपाने का काम करता था। सरगना राजेश से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सफान के बड़वानी स्थित मकान पर छापा मारा। वहां वित्तीय लेनदेन की जांच करने पर पता चला कि वारदात के छह दिन बाद सफान के खाते में कोलकाता से 5 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने कोलकाता में सफान की बहन के घर पर छापा मारा और पूछताछ की। इसके आधार पर पुलिस सफान तक पहुंची और उसे देश छोड़कर विदेश भागने से पहले मुंबई एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अब तक 125 iPhone बरामद किए हैं। करीब 40 फोन अभी बरामद किए जाने बाकी हैं।





