मुख्यमंत्री कौशल्या साय की सुरक्षा केटेगरी में भी बदलाव, 47 नेताओं की सुरक्षा पूरी तरह खत्म
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खात्मे के बाद अब वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश के 100 से ज्यादा नेताओं की सुरक्षा में कटौती कर दी गई है। छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री केदार कश्यप व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय भी इस लिस्ट में हैं जिनकी सुरक्षा में कटौती की गई है। यही नहीं बस्तर संभाग के 47 नेता ऐसे भी हैं जिनकी सुरक्षा को पूरी तरह से वापस लिया जा रहा है। गृह विभाग की प्रोटेक्शन रिव्यू कमेटी के फैसले के बाद यह निर्णय लिया गया है। जिन नेताओं की सुरक्षा में कटौती की जा रही है उनमें भाजपा-कांग्रेस, दोनों के नेता शामिल हैं। इस संबंध में गृह विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
बता दें बस्तर संभाग में नक्सल गतिविधियों में आई कमी को देखते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी सुरक्षा व्यवस्था में चरणबद्ध तरीके से कटौती करने और खतरे के आकलन के आधार पर कदम उठाने की बात कही थी। इसके बाद सरकार ने चरणबद्ध तरीके से सुरक्षा व्यवस्था कटौती करने का निर्णय लिया। सरकार के निर्णय के बाद अब इस पर अमल शुरू कर दिया गया है। अब बस्तर संभाग में तैनात सुरक्षा बलों और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था के ढांचे में बदलाव किया जा रहा है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित व्यक्तियों को खतरे की स्थिति में स्थानीय स्तर पर सुरक्षा उपलब्ध कराने का प्रावधान लागू रहेगा।
श्रेणी Z+ से घटाकर Z और Z से घटाकर Y+ हुई सुरक्षा
जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के मंत्री, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और राजनीतिक परिवारों से जुड़े लोगों की सुरक्षा श्रेणी Z+ से घटाकर Z और Z से घटाकर Y+ कर दी गई है। जिन प्रमुख हस्तियों की सुरक्षा श्रेणी Z+ से घटाकर Z की गई है, उनमें छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप, कोंटा विधायक कवासी लखमा, नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप और दंतेवाड़ा की पूर्व विधायक देवती कर्मा शामिल हैं। इनके साथ ही पूर्व सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, दंतेवाड़ा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छबिन्द्र कर्मा, महासमुंद के डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा और दिवंगत महेंद्र कर्मा के पुत्र दिव्यराज कर्मा की सुरक्षा श्रेणी में भी कटौती कर Z श्रेणी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय की सुरक्षा में भी कटौती
सुरक्षा व्यवस्था में कमी के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय की सुरक्षा श्रेणी में भी बदलाव किया गया है। कौशल्या साय को Z श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी, जिसे अब घटाकर Y+ श्रेणी कर दिया गया है। सरगुजा के सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक आशाराम नेताम, नीलकंठ टेकाम, विनायक गोयल और उमेश पटेल समेत कई नेताओं की सुरक्षा वाई प्लस से वाई श्रेणी में की गई है। राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम, विधायक और पूर्व जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा श्रेणी में भी बदलाव किया गया है। कई नेताओं को एक्स श्रेणी के तहत दो पीएसओ उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा, दलेश्वर साहू और पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह सहित 11 लोगों की सुरक्षा वाई से एक्स श्रेणी में की गई है। पूर्व राज्यसभा सदस्य केटीएस तुलसी और अन्य दो लोगों की सुरक्षा भी खत्म की गई है।





