भिलाई। कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम कुगदा में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 77 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 6.30 बजे उस समय हुआ, जब साइकिल से जा रहे बुजुर्ग को विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कुम्हारी थाने का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मृतक की पहचान समीपस्थ ग्राम नारधी सिन्हा पारा निवासी बिशाल वर्मा पिता लक्ष्मीनाथ वर्मा ( 77 वर्ष ) के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बिशाल वर्मा आज सुबह अपने स्वयं के स्वास्थ्य उपचार के लिए साइकिल से रायपुर स्थित एम्स जाने के लिए निकले थे। वे नारधी से होकर कुगदा गांव के रास्ते गुजर रहे थे, तभी गांव में धर्मेंद्र लहरी के घर के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित कैप्सूल वाहन ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही कुगदा और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और आक्रोशित होकर कुम्हारी थाने का घेराव कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की संकरी सड़क से कैप्सूल और हाइवा जैसे भारी वाहनों की बेधड़क आवाजाही लगातार जारी है। कई बार शासन और प्रशासन को इस गंभीर समस्या से अवगत कराने के बावजूद भारी वाहनों के प्रवेश पर अंकुश लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर मामले को शांत कराया है और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





