सिराज व अर्शदीप की आखिरी विकेट पर की गई साझेदारी बनी भारत की जीत की वजह
माउंट माउंगानुई। टी-20 के बाद भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज पर भी कब्जा जमाया। रविवार को माउंट माउंगानुई में खेले गए पांचवे निर्णायक मैच में भारतीयों ने कीवीज को 22 रनों हराकर पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम की। भारत की जीत में 10 वें विकेट के लिए मो सिराज व अर्शदीप के बीच हुई 26 रनों की साझेदारी ने अहम भूमिका निभाई। वहीं गेंदबाजी में भी अर्शदीप व मो सिराज ने शानदार गेंदबांजी करते हुए दोनों ने मिलकर 5 विकेट लिए।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर खराब रही। रोहित शर्मा सात रन बनाकर आउट हुए, जबकि विराट कोहली के बल्ले से सिर्फ पांच रन निकले। रुतुराज गायकवाड़ भी 18 रन ही बना सके। भारत ने 34 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मुश्किल परिस्थिति में अक्षर पटेल और ईशान किशन ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 35 रन और छठे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी कर भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। अक्षर और ईशान ने 46-46 रन बनाए। नमन धीर ने 22 रन का योगदान दिया, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। भारतीय टीम 200 रन तक पहुंचने से पहले ही मुश्किल में नजर आने लगी थी। भारतीय पारी के आखिरी हिस्से में मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह ने अहम योगदान दिया। सिराज ने नाबाद 14 रन बनाए, जबकि अर्शदीप ने सिर्फ चार गेंद में दो छक्कों की मदद से 14 रन ठोक दिए। दोनों ने आखिरी दो बल्लेबाजों के रूप में 26 रन जोड़े। भारत की पारी 42.1 ओवर में 209 रन पर सिमट गई।
210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी बहुत तेज नहीं रही। टिम सीफर्ट 14 रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। विल यंग ने 42 गेंद में 22 रन बनाए, लेकिन उन्हें अर्शदीप सिंह ने रुतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। न्यूजीलैंड ने 64 रन तक दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद निक केली और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने पारी को संभालने की कोशिश की। निक केली 45 गेंद में 24 रन बनाकर अर्शदीप की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद फिन एलन भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। चार विकेट गिरने के बाद डीन फॉक्सक्रॉफ्ट और माइकल ब्रेसवेल ने पांचवें विकेट के लिए 36 रन जोड़े। एक समय न्यूजीलैंड का स्कोर 119 रन पर छह विकेट हो गया था। यहां से भारतीय टीम जीत के करीब पहुंचने लगी। कप्तान मिचेल सैंटनर ने क्रिस्टियन क्लार्क के साथ मिलकर न्यूजीलैंड की उम्मीदें जिंदा रखने की कोशिश की। उन्हें नमन धीर ने अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। इसके बाद क्लार्क भी 35 गेंद में 16 रन बनाकर अर्शदीप का शिकार बने। इसके बाद न्यूजीलैंड की पूरी टीम 48.1 ओवर में 187 रन पर सिमट गई। मैट फिशर तीन रन बनाकर नाबाद रहे।





