कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार में रॉयल यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह यात्री घायल हुए हैं। यह हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार रॉयल ट्रेवल्स की बस रायपुर से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई। आसपास के लोगों और ढाबा संचालक ने पुलिस व 108 को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, एक घायल की हालत नाजुक है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। पांच अन्य घायलों का इलाज कटघोरा सीएचसी में जारी है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।





