भिलाई। नहर किनारे शिव मंदिर के पास ट्रांसपोर्ट रोड खुर्सीपार में अवैध रूप से हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री कर रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 12.06 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,41,300 है, बरामद कर जप्त की गई। मादक पदार्थ के अतिरिक्त 03 मोबाइल फोन, ₹16,100 नगद एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी सहित कुल ₹3,97,400 की सामग्री जप्त की गई। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 521/2026, धारा 8, 21(ख), 27(क), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
खुर्सीपार पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नहर किनारे शिव मंदिर के पास ट्रांसपोर्ट रोड खुर्सीपार, भिलाई में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना खुर्सीपार पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्तियों ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस टीम ने तत्परता से घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम पी. तुलमा राव उर्फ चिंटू, मोंटी अरोरा एवं मोहम्मद आफताब बताया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से बिक्री हेतु रखा गया कुल 12.06 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 03 मोबाइल फोन, नगद रकम एवं एक स्कूटी बरामद की गई। समक्ष गवाहों के जप्ती की कार्रवाई की गई। आरोपियों के विरुद्ध थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 521/2026, धारा 8, 21(ख), 27(क), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दिनांक 12.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड प्राप्त होने पर जेल दाखिल किया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना खुर्सीपार के थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी, आरोपियों की गिरफ्तारी एवं मादक पदार्थ सहित अन्य सामग्री की विधिवत जप्ती की कार्रवाई की गई। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने आसपास मादक पदार्थों की बिक्री, नशे के अवैध कारोबार अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।





