गुवाहाटी। बुधवार की सुबह असम के गुवाहाटी के पास बड़ा हादसा हो गयाज्ञ। यहां डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 6 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं। फिलहाल रेलवे ने किसी भी यात्री के मौत की पुष्टि नहीं की है। वहीं घायलों की संख्या और उनकी स्थिति के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद रेलवे ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। मिजोरम के सैरांग से कोलकाता जा रही ट्रेन के छह डिब्बे और उसका इंजन पटरी से उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बचाव और बहाली अभियान शुरू कर दिया गया है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) कपिंजल किशोर शर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे सुबह 6:54 बजे पटरी से उतरे।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। हालांकि, हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों की संख्या और उनकी चोटों की गंभीरता की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी स्थिति का आकलन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोकने के दौरान यह हादसा हुआ। इस दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सका, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई। यात्रियों को दूसरी ट्रेन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। सीपीआरओ ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं और महाप्रबंधक (जनरल मैनेजर) तथा अन्य अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।





