गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। अभनपुर के टीला एनीकट के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। इस हादसे में माता-पिता समेत चार लोगों लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। बताया जाता है कि दीपावली मनाकर परिवार लौट रहा था। इस दौरान हादसे का शिकार हो गया। यह घटना गोबरा-नवापारा थाने क्षेत्र की है।
बताया जाता है कि रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी 44 वर्षीय शीतल साहू अपनी पत्नी भारती साहू और बेटा-बेटी (विकास साहू, पूर्वा साहू) के साथ दीपावली मनाने रायपुर से गरियाबंद जिले के पसौद जा रहे थे। इस दौरान रविवार की रात दो बजे के आस-पास टीला एनीकट के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे महानदी में गिर गई। मौके पर ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में शीतल साहू, भारती साहू, पूर्वा साहू व विकास साहू शामिल हैं। महानदी से सभी के शवों को बाहर निकाला गया। पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।





