भिलाई। दीपावली पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले 37 शहीद अधिकारी व कर्मचारियों के परिवारों के प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष पहल की गई। इसी कड़ी में एसएसपी विजय अग्रवाल द्वारा स्वयं शहीद परिवारों के निवास स्थान पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की गई। इस दौरान उन्हें दीपावली की शुभकामना भेंट प्रदान कर उनका कुशलक्षेम जाना गया।
विजय अग्रवाल द्वारा शहीद आरक्षक आदेश के निवास स्थान एसटीएफ कॉलोनी, सिंधिया नगर, शहीद आरक्षक अवनी सिंह के निवास स्थान नई पुलिस लाइन, दुर्ग तथा शहीद आरक्षक मनोज वर्मा के निवास स्थान पांच बिल्डिंग, दुर्ग पहुंचकर उनके परिजनों से भेंट की गई। इस अवसर पर उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए उनके परिवार के सदस्यों द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन एवं पुलिस विभाग शहीद परिवारों के साथ खड़ा है तथा उनके सुख-दुख में सहभागी रहेगा। जिले के अन्य शहीद परिवारों के निवास स्थान पर भी संबंधित नगर पुलिस अधीक्षकों, अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पहुंचकर दीपावली की शुभकामना भेंट प्रदान की गई तथा परिजनों का हालचाल जाना गया।





