जशपुर। जमीन विवाद में फूफा ने अपने भतीजे की हत्या करी दी। दोनों के बीच आए दिन जमीन को लेकर विवाद होता था और यही विवाद हत्या की वजह बना। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया और आरोपी फूफा को गिरफ्तार कर लिया। मामला थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम जामबहार का है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तपकरा निवासी सुमित्रा प्रधान ने थाना तपकरा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि दिनांक 24 अक्टूबर की शाम उसका संतोष प्रधान बाजार से घर वापस आया था। इसके बाद वह अपने दादा के पास बातचीत करते हुए कह रहा था कि वह अपने फूफा ससुर मनबोध के घर जा रहा है और आज उसे बताएगा। इतना कहकर वह रात करीब 8:00 बजे घर से निकल गया। मनबोध राम उसके घर के पास ही रहता था तथा जमीन के बंटवारे को लेकर मृतक संतोष प्रधान और उसके बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना की रात जब प्रार्थिया को मनबोध के घर की ओर से लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनाई दी, तो वह तत्काल वहां पहुंची। उसने देखा कि घर के आंगन में उसका पति संतोष प्रधान मृत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर एवं गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने के कारण गंभीर चोटें आई थीं तथा मौके पर काफी खून फैला हुआ था। वहीं मनबोध राम पास में कुल्हाड़ी रखकर बैठा था। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना तपकरा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना स्थल का निरीक्षण कर, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया व आरोपी मनबोध राम को हिरासत में लिया गया।
पुलिस की पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि लगभग 20 वर्षों से वह अपने ससुराल ग्राम जामबहार में घर जमाई के रूप में रह रहा था। जमीन के बंटवारे को लेकर मृतक संतोष प्रधान , जो कि आरोपी के पत्नी के भाई का बेटा था और आरोपी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोपी के अनुसार, दिनांक 24.10.2026 की रात करीब 08:00 बजे मृतक संतोष उसके घर पहुंचा और जमीन को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी से मृतक के सिर एवं गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस के द्वारा आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी जप्त कर लिया गया है।
आरोपी मनबोध मांझी के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। मामले की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारीतपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, रिझन भगत, आरक्षक महेन्द्र पैंकरा, आरक्षक पुनित साय, आरक्षक अरविन्द साय एवं नगर सैनिक रवि गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही है।




