32,000 लोगों का डेटा स्कैन, विश्लेषण के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों की पहचान एवं उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दुर्ग पुलिस की STF टीम द्वारा उपलब्ध डेटा के आधार पर विशेष सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत लगभग 32,000 व्यक्तियों के स्कैन किए गए डेटा का परीक्षण एवं विश्लेषण किया गया, जिसमें से 250 से अधिक व्यक्तियों को आगे की जांच हेतु शॉर्टलिस्ट किया गया।
शॉर्टलिस्ट किए गए व्यक्तियों के संबंध में जानकारी के संकलन एवं सत्यापन के उद्देश्य से STF टीम द्वारा पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों, जिनमें मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना एवं मुर्शिदाबाद सहित अन्य संबंधित क्षेत्र शामिल हैं, में विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान संबंधित व्यक्तियों के संबंध में उपलब्ध जानकारियों का संकलन एवं दस्तावेजीकरण किया गया है। संकलित डेटा का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है। विश्लेषण एवं सत्यापन के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

दुर्ग पुलिस द्वारा पूर्व में भी अवैध रूप से निवासरत बांग्लादेशी नागरिक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे डिपोर्ट किया जा चुका है। दुर्ग पुलिस द्वारा इस प्रकार के मामलों में उपलब्ध जानकारी एवं तकनीकी डेटा के आधार पर सतत निगरानी, जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिक के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 पर संपर्क करें। प्राप्त सूचना पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




