भिलाई। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत चुनकट्टा गांव में बकरी पालन को लेकर हुए सामाजिक विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। साहू समाज में बकरी नहीं पालने की परंपरा का हवाला देकर एक युवक ने 52 वर्षीय महिला पर डंडे से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान देर रात महिला की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चुनकट्टा गांव की निवासी कुमारी बाई साहू (52 वर्ष) अपनी आजीविका चलाने के लिए बकरी पालन करती थीं। वहीं गांव का ही निवासी अर्जुन साहू लंबे समय से उसके इस कार्य का विरोध कर रहा था। अर्जुन का मानना था कि साहू समाज के दृष्टिकोण से बकरी पालन करना ठीक नहीं है। गुरुवार देर शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
गुस्से में आकर अर्जुन साहू ने डंडे से कुमारी बाई के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद लहूलुहान अवस्था में परिजनों ने महिला को तत्काल श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात लगभग ढाई बजे इलाज के दौरान कुमारी बाई ने दम तोड़ दिया।घटना के संबंध में प्रार्थी अजीत साहू की शिकायत के आधार पर उतई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन साहू को हिरासत में ले लिया है।




