भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के कुरुद में पांचवी कक्षा के छात्र द्वारा खुदकुशी किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही जामुल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिजन बालक को अपने रिश्तेदार के अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में साथ नहीं ले गए थे, जिससे वह नाराज चल रहा था।
जामुल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक बालक की पहचान मनीष देवांगन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि छात्र के बड़े पिता का कुछ दिन पहले निधन हुआ था। परिवार के सदस्य अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे तो उसने भी साथ जाने की इच्छा जताई। उस समय परिजनों ने किसी वजह से मनीष को साथ ले जाने से मना कर दिया। इसके कारण छात्रा परेशान रहता था। पुलिस को आशंका है कि छात्र की आत्महत्या का एक कारण यह हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।




