भिलाई। दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र में सराफा कारोबारी के पास नकली सोने के जेवर गिरवी रख 8.25 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में कारोबारी की शिकायत के बाद पुलिस ने एक युवती सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन एवं प्रकरण से संबंधित नकली सोने के जेवरात जब्त किया गया। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
इस मामले में रविवार को प्रार्थी पवन कुमार जैन भोई पारा दुर्ग निवासी द्वारा थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि 28 सितंबर 2026 एवं 30 सितंबर 2026 को एक महिला एवं एक पुरुष 84.880 ग्राम सोने के जेवर गिरवी रखाकर कुल 8,25,000 लेकर गए। शुरुआत में तो पता नहीं चला लेकिन बाद में उक्त जेवर के नकली होने की पुष्टि हुई। सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने इस मामले में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की पतासाजी कर त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवानंद नगर रायपुर निवासी रमेश कुमार एवं कादम्बरी नगर दुर्ग निवासी मीनाक्षी बाघ को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने पर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर नकली सोने के जेवरात उपलब्ध कराने वाले कबीर नगर रायपुर निवासी राजेश अग्रवाल की पतासाजी कर उसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर उसे भी विधिवत गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग एवं एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा प्रकरण में त्वरित विवेचना, आरोपियों की पतासाजी, पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सोने अथवा अन्य कीमती आभूषणों की खरीदी-बिक्री या गिरवी रखने से पूर्व उनकी शुद्धता एवं वास्तविकता की विधिवत जांच अवश्य कराएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस को दें।





