रायपुर। यात्रियों को रायपुर रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं एवं सेवाओं तक आसानी से पहुंचने में सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल द्वारा एआई आधारित डिजिटल पैसेंजर नेविगेशन एवं वे-फाइंडिंग समाधान “मार्गदर्शक” की सुविधा जल्द ही मिलेगी। इसे अभी प्रायोगिक तौर पर शुरू किए जाने की तैयारी है।
रायपुर रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश के विभिन्न क्षेत्रों से यात्री आते-जाते हैं। स्टेशन का विस्तृत परिसर, अनेक प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा विभिन्न यात्री सुविधाओं के कारण कई बार यात्रियों को अपनी आवश्यक सुविधा तक पहुंचने की जानकारी नहीं होती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए “मार्गदर्शक” को एक स्मार्ट डिजिटल मार्गदर्शन प्रणाली के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है।
एक क्लिक पर स्टेशन की जानकारी
“मार्गदर्शक” के माध्यम से यात्री स्टेशन परिसर का डिजिटल मैप देखकर अपने गंतव्य तक पहुंचने का मार्ग जान सकेंगे। प्रणाली में स्टेशन की विभिन्न सुविधाओं जैसे प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, शौचालय, लिफ्ट एवं एस्केलेटर, प्रवेश निकास द्वार, पार्किंग व पिक-अप क्षेत्र, टिकट एवं अन्य यात्री सुविधाएं, दिव्यांगजन हेतु सुविधाएं अन्य महत्वपूर्ण स्थान जानकारी मिलेगी।
स्टेशन परिसर में डिजिटल वे-फाइंडिंग
“मार्गदर्शक” का उद्देश्य यात्रियों को केवल किसी सुविधा का स्थान बताना ही नहीं, बल्कि उन्हें “कहां जाना है और वहां कैसे पहुंचना है”, इसकी सरल एवं सहज जानकारी उपलब्ध कराना है। डिजिटल मैप और दिशा-सूचक मार्ग के माध्यम से यात्री स्टेशन परिसर में अधिक आसानी से आवागमन कर सकेंगे। यह सुविधा विशेष रूप से पहली बार रायपुर रेलवे स्टेशन आने वाले यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजन, बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों तथा कम समय में किसी निर्धारित स्थान तक पहुंचने वाले यात्रियों के लिए उपयोगी हो सकती है।
तकनीक के माध्यम से बेहतर यात्री अनुभव
“मार्गदर्शक” के माध्यम से आधुनिक डिजिटल तकनीक को यात्री सेवा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। भविष्य में स्टेशन की विभिन्न सुविधाओं की डिजिटल मैपिंग, रियल-टाइम सूचना तथा अन्य स्मार्ट यात्री सेवाओं को भी इस प्रकार के प्लेटफॉर्म से जोड़े जाने की संभावनाएं हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं को अधिक सुगम, स्मार्ट, डिजिटल एवं यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। “मार्गदर्शक” इसी दिशा में एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य यात्रियों के स्टेशन अनुभव को अधिक सुविधाजनक और सहज बनाना है।





