भिलाई। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 11 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित BRICS Business Forum 2026 में छत्तीसगढ़ के जाने-माने उद्योगपति एवं छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के उद्योग चेंबर के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता भाग लेंगे। फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) द्वारा डॉ. गुप्ता के पंजीकरण को स्वीकृति प्रदान की गई है।
भारत की BRICS Chairship के अंतर्गत आयोजित इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय बिजनेस फोरम में विभिन्न देशों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं एवं उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों की सहभागिता होगी। BRICS Business Forum सदस्य देशों के बीच व्यापार, निवेश, औद्योगिक सहयोग, तकनीकी साझेदारी और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच है। इस आयोजन के माध्यम से भारतीय उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं निवेश की नई संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि BRICS जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ के उद्योग जगत का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के लिए गौरव के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण अवसर है। छत्तीसगढ़ में मैन्युफैक्चरिंग और MSME क्षेत्र की व्यापक संभावनाएं हैं और इन्हें वैश्विक व्यापार एवं तकनीकी सहयोग से जोड़कर विकास के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि फोरम के दौरान उनका प्रयास रहेगा कि छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमताओं, MSME सेक्टर, इंजीनियरिंग एवं मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उद्योग प्रतिनिधियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाए। साथ ही निर्यात, नई तकनीक, निवेश एवं अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर संवाद स्थापित किया जाए। डॉ. गुप्ता की BRICS Business Forum 2026 में सहभागिता को छत्तीसगढ़ के उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि और वैश्विक स्तर पर प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं को सामने रखने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है।



