सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले चार दिन पहले युवती की नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले का पुलिस ने घटना के चार दिन बाद खुलासा कर दिया है। युवती की हत्या की सुपारी उसके शादीशुदा प्रेमी ने दी थी। साजिश में उसकी पत्नी भी शामिल रही। इस मामले में पुलिस ने पति-पत्नी सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगदी भी बरामद की गई है।

मामले का खुलासा करते हुए सक्ती पुलिस ने बताया कि 26 जून को ग्राम जोंगरा निवासी पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की दो नकाबपोश बदमाशों ने घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी। दिन दहाड़े हुए इस हत्याकांड से नगर में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी रामगोपाल गर्ग और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने चार दिनों तक मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया।
जांच में सामने आया कि मृतका पूर्णिमा चौहान के रायगढ़ जिले के देल्लारी निवासी मुरलीशंकर चौहान के साथ प्रेम संबंध थे। इस संबंध को लेकर मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा चौहान के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, बाद में मुरलीशंकर ने पत्नी के कहने पर पूर्णिमा से दूरी बना ली, लेकिन पूर्णिमा लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा ने पूर्णिमा की हत्या की साजिश रची और 4 लाख रुपये की सुपारी देकर राजेन्द्र महंत से हत्या कराने का सौदा किया।
पुलिस के अनुसार, राजेन्द्र महंत ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई। घटना वाले दिन गौरीशंकर सिदार और सुनील महंत मोटरसाइकिल से जोंगरा पहुंचे, जहां गौरीशंकर ने पिस्तौल से पूर्णिमा पर तीन गोलियां दाग दीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में सुपारी की तय रकम में से 2 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने राजेन्द्र महंत को जमशेदपुर (झारखंड), जबकि गौरीशंकर सिदार और सुनील महंत को पुणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया। इसके बाद अन्य आरोपियों को छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया गया। सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और सुपारी की राशि में से बची नगदी बरामद की है। सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।




