कोलकाता। पश्चिम कोलकाता के तारातला क्षेत्र में बुधवार दोपहर को ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर एक तीन मंजिला निर्माणाधीन गोदाम अचानक गिर गया। इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई लोगों के दबे होने की बात कही जा रही है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं। राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 12 बजे यह हादसा हुआ। हादसे के वक्त गोदाम की छत की ढलाई (कास्टिंग) का काम चल रहा था। इमारत की पहली और दूसरी मंजिल का ढांचा तैयार हो चुका था और ग्राउंड फ्लोर पर निर्माण कार्य जारी था। इस दौरान अचानक पूरी इमारत भरभरा कर गिर गई, जिससे लोहे के भारी बीम और कंक्रीट का बड़ा ढेर लग गया और वहां काम कर रहे मजदूर नीचे दब गए। हादसे के बाद बचाव व राहत कार्य तेजी से किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि अब तक 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इन सभी को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव का काम बहुत तेजी से चल रहा है। कोलकाता पुलिस, आपदा प्रबंधन समूह (DMG), नागरिक सुरक्षा और दमकल विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं। सेना के अधिकारी भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं। लोहे के बीम और कंक्रीट को काटने के लिए गैस कटर और वर्टिकल ड्रिलिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। भारी मलबे को हटाने के लिए क्रेन और बड़ी मशीनें लगाई गई हैं।




