भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में रविवार को दो सगे भाइयों में घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि एक ने दूसरे की हत्या कर दी। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई के सिर व कनपटी पर लोहे के रापा से वार किया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से रायपुर ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना के बाद भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार भिलाई नगर क्षेत्र अंतर्गत माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में रविवार को दो सगे भाईयों के मध्य घरेलू बात को लेकर विवाद एवं मारपीट हुई। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मनोज यादव ने अपने बड़े भाई अशोक यादव पर घर में रखे धारदार लोहे के रापा से सिर एवं कनपटी में हमला किया, जिससे अशोक यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय दुर्ग ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार हेतु मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अशोक यादव की मृत्यु हो गई। मामले में थाना भिलाई नगर में धारा 109(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण में मृत्यु उपरांत धारा 103(1) बीएनएस पृथक से जोड़ी गई। विवेचना के दौरान आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तथा विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।




