भिलाई। रविवार की रात दुर्ग भिलाई में अलग-अलग जगह आग लगने की घटनाएं सामने आई। भीषण गर्मी को इसका कारण माना जा रहा है। सबसे बड़ी घटना कुम्हारी की सामने आई है जहां एक पुट्ठा गोदाम में आग लग गई जिसमें लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। गोदाम में खड़े पिकअप वाहन भी आग की भेंट चढ़ गए। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

मिली जानकारी के अनुसार दुर्ग जिले में बीती रात 4 अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुई। जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम बासिन में खड़े एक ट्रक में आग लग गई। वहीं कुटुंब न्यायालय के पास एक पेड़ में भी अचानक आग भड़क उठी। इसके साथ बिजली के ट्रांसफार्मरों में भी आग लगी। कुम्हारी स्थित कागज (पुट्ठा) के गोदाम में आग लगी। आग लगने का कारण अभी सामने नहीं आया है। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग सभी स्थानों पर आग पर समय रहते काबू पा लिया। चार अलग अलग जगह आग लगने के बाद भी जनहानि नहीं हुई।
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्ग जिले में विभिन्न स्थानों पर अचानक आग लगी जिसकी सूचना मिलते ही अग्निशमन के दमकल टीम को मौके पर तत्काल रवाना किया गया। अग्निशमन कर्मियों द्वारा कड़ी मशक्कतों से आग पर काबू पाया गया। आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। अग्निशमन दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी , शरद मेश्राम, केशव यादव के अग्निशमन कर्मचारियों ने एक अच्छी टीम बनाकर आग पर काबू पाया।




