रायपुर। होली पर्व पर राजधानी रायपुर में सुरक्षित यातायात के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों की शामत आ गई। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों की गाड़ियां जब्त कर उन्हें पैदल रवाना किया। इस दौरान लगभग 130 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के मार्गदर्शन में शहरभर में 42 चेकिंग पॉइंट लगाए गए। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और दौलत राम पोर्ते के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्तों की टीम ने शाम से देर रात तक सघन जांच अभियान चलाया। सभी चेकिंग पॉइंट पर ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान 130 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
राजधानी में कार्रवाई के दौरान 39 कार, 73 मोटरसाइकिल, 3 ट्रक और 15 टाटा एस पिकअप व ई-रिक्शा शामिल हैं। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहन यातायात मुख्यालय और संबंधित थानों में सुरक्षित रखे गए हैं। इन प्रकरणों को होली के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने पर प्रत्येक मामले में 10 हजार से 15 हजार रुपए तक जुर्माना लगाया जा सकता है।




