बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रविवार से भव्य श्री राम कथा का आयोजन शुरू हुआ।। संत विजय कौशल जी महराज के श्रीमुख से बिलासपुरवासियों को कथा श्रवण का अवसर मिला। श्रीराम कथा शुरू होने से पहले रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा का शुभारंभ श्री जगन्नाथ मंगलम से हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। सिर पर कलश धारण किए पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की उपस्थिति ने यात्रा को अत्यंत भव्य और आकर्षक बना दिया।

यह महाकलश यात्रा पुराने बस स्टैंड, अग्रसेन चौक, सत्यम चौक, मध्य नगरीय चौक, सराफा लाइन, सदर बाजार एवं गोल बाजार से होते हुए कथा स्थल पहुँची। यात्रा में महिलाएं हाथों में भगवा ध्वज लिए भक्ति गीतों और “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ आगे बढ़ती रहीं। अनेक झांकियों ने यात्रा की शोभा और बढ़ा दी। कलश यात्रा के स्वागत में मार्ग के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। घरों के सामने खड़ी महिलाओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा कलश यात्रियों पर लगातार पुष्पवर्षा की जाती रही।
कलश यात्रा 15 हजार महिलाओं ने की सहभागिता
बिलासपुर नगर में अब तक आयोजित सभी धार्मिक आयोजनों में यह महाकलश यात्रा ऐतिहासिक रही। आयोजन समिति के अनुसार इस यात्रा में अनुमानित 15 हजार से अधिक महिलाओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सहभागिता की। यह कलश यात्रा बिलासपुर के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी और भव्य कलश यात्राओं में शामिल रही। संभवतः छत्तीसगढ़ अंचल की यह अब तक की सबसे वृहद कलश यात्रा रही, जिसमें एक ही रंग की साड़ियों में सजी महिलाओं ने माहौल को और भी भव्य एवं मनोहारी बना दिया। भगवान श्रीराम की इस कलश यात्रा के दौरान बीच-बीच में निकाली गई आकर्षक झांकियों ने भी अपनी छटा बिखेरी।
जगह जगह हुई पुष्प वर्षा
कथा स्थल तक पहुंचने के दौरान मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्टाल लगाकर कलश यात्रियों पर पुष्पवर्षा की गई तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया। आज कलश यात्रा जिधर से भी होकर गुजरी सड़को पर कुछ समय के लिए जाम लगा रहा। कथा स्थल पर कलश यात्रा के पहुंचने पर मुख्य संरक्षक अमर अग्रवाल ने कलश यात्रियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से श्रीराम कथा में नियमित रूप से शामिल होने का विनम्र आग्रह किया। आज के इस कार्यक्रम में महेशचंद्र अग्रवाल , मोती सुल्तानिया , गुलशन ऋषि, गोपाल शर्मा , सुनील सोंथालिया , सुरेश चंद्र गोयल एवं राम कथा आयोजन समिति के समस्त सदस्य उपस्थित थे।




