भिलाई। दुर्ग जिले में हत्या का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। दातून तोड़कर घर के सामने फेंकने को लेकर हुए विवाद के बाद युवा महिला ने बुजुर्ग महिला को इनती बुरी तरह से पीटा कि उसकी जान निकल गई। इस मामले में बुजुर्ग महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया और सीन रिक्रिएट कर आरोपिया को गिरफ्तार कर लिया। यह पूरा मामला दुर्ग जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम बोरिद में दातून तोड़कर फेंकने की बात पर हुए विवाद में बुजुर्ग महिला की हत्या हो गई। बोरिद की रहने वाली राधाबाई बघेल (52) सुबह दातून तोड़कर फेंक रही थी। इस दौरान दातून हेमा भारती (27) के घर के सामने गिर गया। इस बात को लेकर हेमा भारती ने विवाद शुरू कर दिया। हेमा भारती ने वहीं बुधन्तीन डहरिया के घर के सामने राधा बाई को बूरी तरह से पीटा। बताया जा रहा है कि अंदरूनी चोट आने से उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
विवेचना के दौरान मृतिका के शव का पंचनामा कार्यवाही कार्यपालिक मजिस्ट्रेट से कराया गया। घटना स्थल का निरीक्षण एवं भौतिक साक्ष्य की जब्ती कर सीन ऑफ क्राइम दोहराया गया। चश्मदीद गवाह, प्रार्थी एवं गवाहो के समक्ष आरोपिया हेमा भारती का मेमोरण्डम लेकर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपिया को विधिवत गिरफ्तार ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा गया।





