भिलाई। शहर के कैंप 1 सुंदर नगर क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया है। वैज्ञानिक युग में जादू टोना का सहारा लेकर एक परिवार को बर्बाद करने की साजिश रच दी। दो बदमाशों ने आधी रात को मुर्गे की बलि देकर सफेद कपड़ा, सिंदूर व काली चूड़ी के साथ घर के अंदर फेंक दिया। सुबह जब घर वालों ने यह नजारा देखा तो वे दहशत में आ गए। इसकी सूचना छावनी थाने में दी गई। पुलिस ने जांच की तो सीसी टीवी फुटेज मिला जिसमें दो युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे पहुंचे और यह हरकत की। फिलहाल छावनी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल यह पूरा मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। सीसी टीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दो युवकों ने शुक्रवार रात एक घर में दरवाजे के नीचे पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वहीं दूसरे घर में मुर्गे की बली देकर, कटे नीबू में सुई चुभोकर, सफेद सिंदूर और काली चूड़ी फेंक कर चले गए। बदमाशों ने यहां के रहवासी एस नरेश के घर में बदमाशों ने ये वारदात की। सुबह 4 बजे जब एस नरेश उठे और घर का दरवाजा खोला तो वो काफी डर गए। उन्होंने कभी ऐसा टोना टोटका नहीं देखा था। इसके बाद उन्होंने डर के मारे तुरंत घर का दरवाजा बंद कर लिया। अपनी पत्नी रामुलम्मा को घर के बाहर जाने से मना किया। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे एस बालराजू को फोन करके घटना की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही बेटा बालराजू घर पहुंचा। उसने देखा कि मोहल्ले में भीड़ लगी है और लोग काफी डरे हुए हैं। उसने लोगों को समझाया कि जादू टोना कुछ नहीं होता। यह किसी ने शरारत की है। इसके बाद उसने छावनी थाने में शिकायत की। पुलिस के आने पर जांच करने के बाद टोना टोटका का सामान घर के बाहर से हटाया गया। एस नरेश और उनकी पत्नी का कहना है कि मोहल्ले में दो तीन लोगों से उनकी कुछ पुरानी रंजिश है। संभवत: उन्हीं के द्वारा यह हरकत की गई है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।




