बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व पर मान स्तम्भ परिसर में लकड़ी से बना मंच ढह गया। इस हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, वहीं 75 से अधिक घायल हो गए हैं। घायलों में पुलिस कर्मी भी शामिल हैं। मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
मिली जानकारी के अनुसार बड़ौत शहर कोतवाली इलाके के गांधी रोड पर श्री दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के मैदान पर बनाए गए मान स्तंभ का मंच टूट गया। निर्वाण महोत्सव के तहत यहां धार्मिक कार्यक्रम होना था। यह आयोजन करीब 25 वर्षों से प्रतिवर्ष होता है। जहां आयोजन हो रहा था वहां तभी भराव हुआ था। मिट्टी में नमी थीं। आयोजन स्थल पर बनाए गए मंच पर श्रद्धालु अधिक संख्या में चढ़ने से बल्लियों का बैलेंस बिगड़ गया और रस्सियां टूट गई। हादसा होते ही ऊंचाई पर बना मंच भरभराकर नीचे गिर पड़ा और तकरीबन 15 पुलिस कर्मियों सहित 75 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। इनको अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें अभी तक सात की मौत हो चुकी है और कई की हालत गंभीर है।
निर्वाण महोत्सव के तहत यहां धार्मिक कार्यक्रम होना था, इसके लिए यहां 65 फीट ऊंचा मंच बनाया गया था। मंच पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने से इसकी सीढ़ियां टूट गई। इससे श्रद्धालु नीचे दब गए और भगदड़ मच गई। हादसे में तरसपाल(66) पुत्र हुकमचंद गांधी रोड इमली वाली गली, अमित (35) पुत्र नरेश चंद, अरुण(48) पुत्र केशव राम, ऊषा (24) पत्नी सुरेंद्र, शिल्पी (24) पुत्री सुनील जैन, विनीत जैन (40) पुत्र सुरेंद्र, कमलेश जैन(65) पत्नी सुरेश चंद की माैत हो गई है। घायलों का उपचार चल रहा है।




