बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के स्टेट हाइवे को दहलाने की योजना को विफल किया। सुरक्षाबलों ने आवापल्ली से बासागुड़ा मार्ग के तिम्मापुर के दुर्गा मंदिर के पास से करीब 50 किलो का आईईडी बरामद कर नक्सलियों के मंसूबे पर पानी फेर दिया है। सीआरपीएफ 168 बटालियन की बीडीएस टीम ने तिमापुर दुर्गा मंदिर के पास स्थित पुलिया के नीचे लगा रखे आईईडी को बरामद कर उसे डिफ्यूज कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने पुल के नीचे करीब 50 किलो का आईईडी का प्लांट कर रखा था। नक्सलियों ने पुलिया के नीचे से कंक्रीट और पत्थर हटाकर आईईडी प्लांट किया और उसके ऊपर पत्थरों को फिर से जमा दिया था। डिमाइनिंग के दौरान मेटल डिटेक्टर की मदद से सुरक्षाबल के जवानों ने इसे बरामद क़िया। आईईडी अधिक गहराई में होने के कारण मौके पर ही इसे नष्ट कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पुलिया के नीचे प्लांट किया गया यह आरसी (रिमोट कंट्रोल) आईईडी भारी वाहनों को निशाना बनाने के मकसद से लगाया गया था। लेकिन सुरक्षाबलों की सतर्कता और सूझबूझ से माओवादियों के नापाक इरादों को नाकाम कर दिया गया। विस्फोटक को नष्ट किए जाने के बाद पुलिया में बड़ा गड्ढा हो गया, जिसे भरकर सड़क को जल्द ही चालू किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस तरह आईईडी लगाकर नक्सलियों ने किसी बड़ी घटना को अंजाम देने का प्लान बनाया था।



