भिलाई। बीएसपी टाउनशिप के ग्लोब चौक पर हुए गोली कांड के मुख्य आरोपी अमित जोश को पकड़ने में पुलिस अब तक सफल नहीं हो पाई है। घटना के चार हफ्ते बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इसके चलते उसकी गिरफ्तारी में मदद करने या सूचना देने वालों को इनाम देने का फैसला दुर्ग पुलिस ने लिया है। इस बीच दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने अमित जोश की सूचना देने वाले पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
बता दें 25 और 26 जून की दरमियानी रात सेक्टर-6 पुलिस कंट्रोल रूम से कुछ ही दूरी पर रात 1 से 2 बजे के बीच अमित जोश व उसके साथियों ने विश्रामपुर निवासी तीन युवकों पर गोली चलाई थी। इस घटना को गैंगवार का रूप देने का भी प्रयास किया गया, लकिन बाद में मामला कुछ और ही निकला। बहरहाल इस मामले में पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपी अमित जोश अब भी फरार चल रहा है।
घटना के बाद अमित जोश के साथ ही उससे जुड़े लोगों के अवैध कब्जों पर पुलिस और बीएसपी प्रबंधन की टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। यहां तक की अमित जोश की बहन और जीजा के घर को कब्जा मुक्त कराया गया और उनके घर से पिस्टल और मैग्जीन बरामद किया गया। इतना करने के बाद भी अमित जोश पुलिस के हाथ नहीं आया है। घटना के लगभग 4 हफ्ते बाद अब दुर्ग पुलिस ने आरोपी अमित जोश को पकड़ाने वालों को इनाम देने की घोषणा की है। एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि अमित जोश के बारे में बताने वाले को एसपी जितेंद्र शुक्ला ने 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।