बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस को दो नक्सलियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के आलवाड़ा से पुलिस की संयुक्त टीम ने को यह सफलता मिली है। पकड़े गए दोनों नक्सलियों पर सड़क निर्माण कार्य मे लगे वाहनों में आगजनी व पुलिस पार्टी पर हमला करने सहित कई संगीन अरोप हैं।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को फरसेगढ़ थाना से जिला बल व छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 13वीं वाहिनी की संयुक्त टीम आलवाड़ा की तरफ नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना की गई थी। इस दौरान आलवाड़ा से पुलिस की संयुक्त पार्टी ने नक्सली बुधराम उद्दे पिता चिन्ना उद्दे (28) निवासी आलवाड़ा व रेनू उर्फ रामसिंह पिता बंडे राम (29) निवासी आलवाड़ा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए नक्सलियों ने 10 दिसंबर 2017 को आलवाड़ा के जंगल में पुलिस पार्टी पर हमला किया था। इसके अलावा 29 जुलाई 2020 को गुमनेर के जंगल में पुलिस पार्टी पर हमला करने के साथ ही 17 दिसंबर 2020 को फरसेगढ़ और छोटे आलवाड़ा के बीच सड़क निर्माण कार्य में लगे वाहनों में आगजनी की थी। पकड़े गए नक्सली बुधराम उद्दे के विरुद्ध फरसेगढ़ थाना में एक स्थाई वारंट व रेनू उर्फ रामसिंह के विरुद्ध दो स्थाई वारंट लंबित हैं। पकड़े गए दोनों नक्सलियों को फरसेगढ़ थाना में वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
