चेन्नई। भारतीय हॉकी टीम चौथी बार एशियन चैंपियंस बनी है। शनिवार को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताबी मुकाबले में मलयेशिया 4-3 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। रोमांचक फाइनल में भारत एक समय 1-3 से पीछे चल रहा था, इसके बाद तीसरे क्वार्टर में एक मिनट के अंदर दो गोल दाग टीम इंडिया ने जबरदस्त वापसी की। चौथे क्वार्टर में चौथा गोल दाग भारतीय टीम ने 4-3 से मैच जीत लिया। भारत की जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरी टीम को बधाई दी है।
इस खिताबी जीत के साथ ही भारत सबसे ज्यादा चार बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाला देश बन गया है। पाकिस्तान ने तीन बार यह खिताब जीता है। इससे पहले भारत ने 2011, 2016 और 2018 में यह ट्रॉफी जीती थी। 2018 में भारत और पाकिस्तान संयुक्त रूप से विजेता रहा था, क्योंकि फाइनल बारिश की वजह से रद्द हो गया था। पांच साल बाद एक बार फिर टीम इंडिया चैंपियन बनी है। भारतीय टीम इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही।
3-1 से पीछे थी भारतीय टीम
हाफटाइम तक मलयेशिया की टीम 3-1 से आगे थी। जुगराज सिंह ने नौवें मिनट में गोल कर भारतीय टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई थी। इसके बाद मलयेशिया ने लगातार काउंटर अटैक किए। 14वें मिनट में अजराई अबु कमाल ने फील्ड गोल कर मलयेशिया को बराबरी कराई। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में रहीज राजी ने 18वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर और 28वें मिनट में मोहम्मद अमिनुद्दीन ने पेनल्टी कॉर्नर पर ही ड्रैगफ्लिक से गोल दाग अपनी टीम को भारत के खिलाफ 3-1 से आगे कर दिया। इस बाद तीसरे क्वार्टर में भारत ने जबरदस्त वापसी की। एक मिनट के अंदर दो गोल दाग भारतीय टीम ने स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। हाफ-टाइम के बाद भारत ने काउंटर अटैक जारी रखा। भारतीय टीम ने चौथे क्वार्टर मं 56वें मिनट में अपना चौथा गोल दागा। आकाशदीप सिंह ने काउंटर अटैक कर बेहतरीन फील्ड गोल किया और टीम इंडिया चैंपियन बनी।





