नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्रोफाइल पिक्चर बदल कर राष्ट्र ध्वज ‘तिरंगे’ की तस्वीर लगा दी है। उन्होंने देश के लोगों से भी तिरंगा महोत्सव मनाने के लिए एक आंदोलन के रूप में ऐसा करते हुए हर घर तिरंगा अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि आइए हम अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल बदलें और इस अनूठे प्रयास को समर्थन दें। जो हमारे प्यारे देश और हमारे बीच के बंधन को गहरा करेगा।
बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाते हुए ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अवसर पर 22 जुलाई को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू किया था। आजादी का अमृत महोत्सव इसी कड़ी देश की स्वतंत्रता के 76वें वर्ष 13 से 15 अगस्त तक पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा’ मनाया जाएगा। इसमें लोगों को अपने-अपने घरों पर झंडे फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अभियान की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आज से सांसदों और मंत्रियों के साथ एक ‘तिरंगा’ बाइक रैली आयोजित की जा रही है। यह बाइक रैली इंडिया गेट सर्किल पर पहुंचेगी। इसके बाद रैली इंडिया गेट परिसर से होते हुए मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में समाप्त होगी।