दुर्ग। रसमढ़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रायपुर पावर एंड स्टील्स में रविवार सुबह बड़ा ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के कारण एक मजदूर की मौत हो गई वहीं दो मजदूर बूरी तरह से झुलस गए हैं और कई मजदूर घायल हो गए हैं। झुलसे व घायल मजदूरों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रायपुर पावर एंड स्टील्स में रविवार को छुट्टी होने के बाद भी अंदर काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि कई मजदूर काम पर लगे थे और फैक्ट्री के अंदर लोहा पिघलाने का काम चल रहा था। इस दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया और गर्म लोहा गिरने से मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गनियारी गांव निवासी खेमलाल साहू के रूप में हुई है। वहीं गर्म लोहा कुछ अन्य मजदूरों पर भी गिरा जिसमें दो मजदूर बुरी तरह से झुलस गए हैं और कई मजदूर घायल हैं।
हादसे में एक मजदूर देवेंद्र कुमार साहू 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गया है। इसके साथ एक मजदूर का पैर टूटने की भी खबर है। बताया जा रहा है हादसे के समय 100 से अधिक मजदूर फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे थे। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई है। पुलिस ब्लास्ट के कारणों की जांच कर रही है। इस पूरे हादसे के बाद एक बार फिर स्टील कंपनियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।




