नईदिल्ली। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन यानी CBSE ने 10वीं सेशन – 1 का रिजल्ट जारी कर दिया है। सीबीएसई के मुताबिक लगभग 25 लाख स्टूडेंट्स इस साल CBSE बोर्ड 10वीं की सेशन 1 परीक्षा में शामिल हुए हैं जिनका रिजल्ट जारी किया गया है। कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में इस बार कुल 93.70% छात्र उत्तीर्ण हुए। इसी परीक्षा में 94.99% पास प्रतिशत के साथ लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया और अपनी श्रेष्ठता साबित की।

इस वर्ष सीबीएसई 10वीं के परिणाम में रीजन वाइज प्रदर्शन में त्रिवेंद्रम रीजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.79% पास प्रतिशत के साथ देश में पहला स्थान हासिल किया है। त्रिवेंद्रम के साथ-साथ विजयवाड़ा ने भी 99.79% पास प्रतिशत हासिल किया, जबकि चेन्नई 99.58% के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद बेंगलुरु ने 98.91% और दिल्ली वेस्ट ने 97.45% पास प्रतिशत के साथ टॉप 5 रीजन में अपनी जगह बनाई।
कैंडिडेट्स ऑफिशियल वेबसाइट http://results.cbse.nic.in और उमंग एप पर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। सीबीएसई 10वीं सेशन – 1 की परीक्षाओं में पास होने के लिए, थ्योरी और इंटरनल असेसमेंट दोनों में न्यूनतम 33% अंक लाना जरूरी है। इस साल 10वीं बोर्ड सेशन – 1 एग्जाम देश के 8 हजार से ज्यादा एग्जाम सेंटर पर आयोजित की गई थी। स्टूडेंट्स अपने रोल नंबर की मदद से ऑनलाइन मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं।




